मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र के स्थानीय महापात्र टोल में रविवार को नाजायज संबंध का विरोध करने पर विवाहिता की गला दबा कर हत्या करने का मामला सामने आया है।
मृत महिला सुधा देवी (30) नवोनाथ झा की पत्नी बताई जा रही है। पति नवोनाथ झा पिछले काफी दिनों से बाहर रहते हैं। घटना की सूचना पर पहुंची साहरघाट थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया है। इस मामले में मृत महिला के बाबा सीतामढ़ी जिला के भिट्ठामोड़ गांव निवासी इंद्रकांत झा ने थाने में हत्या की एक प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें बगल के पड़ोसी गुलशन कुमार झा को आरोपित किया है।
आरोप है कि मृत सुधा के पति पिछले काफी दिनों से बाहर नौकरी करते हैं।
घर में अकेली महिला दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ रहती थी। बगल के पड़ोसी गुलशन कुमार झा की नजर महिला पर टिकी थी। वह उसके साथ नाजायज संबंध बनाने की कोशिश में जुटा था।
रविवार की दोपहर घर में अकेली महिला के साथ नाजायज संबंध बनाने की कोशिश की।
महिला ने विरोध किया तो गुलशन ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने बताया कि नाजायज संबंध बनाने से मना करने पर महिला को मारपीट कर उसकी गला दबा कर हत्या की बात सामने आ रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृत महिला के बाबा इंद्रकांत झा के लिखित आवेदन पर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर हत्यारोपित के घर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। इधर, घटना को लेकर जहां मृत महिला के घर कोहराम मचा हुआ है। वहीं, महापात्र टोल में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।