मिथिला हिन्दी न्यूज़ (दलसिंहसराय/समस्तीपुर) - दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के नवादा पंचायत अंतर्गत ग्राम ढ़ेपुरा वार्ड संख्या 13 में बलान नदी में आज सोमवार को देर दोपहर झाड़ी में फंसे एक युवक व एक महिला की लाश मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाने के एएसआई शिव कुमार त्रिपाठी व चंद्रभूषण कुमार घटनास्थल पर पहुँचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों शव को नदी से बाहर निकलवाया। युवक की शव से बहुत ज्यादा बदबू आ रही थी, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवक की मौत दो तीन दिन पहले ही हुई होगी। पुलिस ने युवक की जेब की तलाशी ली तो उसके जेब में आधारकार्ड की छायाप्रति मिली है जिससे युवक की पहचान दलसिंहसराय थानाक्षेत्र के बसढिया पंचायत अंतर्गत ग्राम बाजिदपुर गादो वार्ड संख्या 12 के शंकरनाथ झा के 40 वर्षीय पुत्र अरविन्द कुमार झा के रुप में हुई है। पुलिस ने इसकी सूचना घर वालों को देते हुए शव की पहचान करने हेतु घर वालों को बुलाया। घटनास्थल पर पहुँचे शंकर नाथ झा ने अपने बेटे की पहचान की। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की शादी दलसिंहसराय थानाक्षेत्र के ग्राम केवटा में कुछ वर्ष पूर्व हुई थी,जिससे एक लड़का व एक लड़की भी है। इधर लगभग दो साल से पति पत्नी के बीच आपसी मनमुटाव चल रहा था। काफी दिनों से वह गुजरात में रहकर काम कर रहा था। कुछ दिन पहले ही वह प्रदेश से रक्षाबंधन में ही अपने ससुराल आया था। प्रभारी थानाध्यक्ष धरमपाल ने बताया कि कागज़ी कार्रवाई पुरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ अज्ञात महिला की शव की पहचान में पुलिस जुटी हुई है।