अपराध के खबरें

जदयू में शह-मात का गेम जारी, प्रगति बोले सब तरफ जदयू ही जदयू

अनूप नारायण सिंह 

मिथिला हिन्दी न्यूज : जदयू में खेमेबाजी जोरों पर है। पोस्टरबाजी और बयानबाजी के जरिये आरसीपी गुट और ललन गुट अपना-अपना वर्चस्व दिखाने को आमदा हैं। पोस्टर के जरिए दोनों के समर्थक एक-दूसरे को कम दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। किंतु सवाल पूछने पर वे इससे इंकार करने हैं।

जदयू के प्रदेश प्रवक्ता प्रगति मेहता से जब फोन लाइन पर इस बाबत बात की गई तो किसी भी प्रकार की गुटबाजी से वे सीधे-सीधे मुकर गए। उन्होंने कहा - "हमसबों के नेता और अभिभावक श्री आरसीपी सिंह केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार 16 अगस्त को पटना आ रहे हैं। इसलिए पार्टी के लोगों एवं समर्थकों द्वारा उनके स्वागत की तैयारी किया जाना स्वाभाविक है।"  

उन्होंने बताया कि वे खुद भी अनेक पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं। उनके क्षेत्र से भी हजारों की संख्या में लोग अपने नेता के स्वागत में आ रहे हैं। एयरपोर्ट पर उतरने से लेकर पार्टी कार्यालय जाने तक आरसीपी सिंह का ढ़ोल-बाजे के साथ स्वागत किया जायेगा।

पार्टी में खेमेबाजी के सवाल पर प्रगति ने इंकार करते हुए कहा - "राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए स्वयं आरसीपी सिंह ने ही ललन सिंह का नाम प्रस्तावित किया था, और दोनों ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, दोनों लगातार नई बुलंदियों को छू रहे हैं। सभी के सर्वमान्य नेता श्री नीतीश कुमार जी हैं। हमसभी लोग जदयू को बूथ तक सशक्त करने और फिर से पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में लगे हैं। इसे जदयू में खेमेबाजी के चश्मे से नहीं देखना चाहिए।"

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जब ललन सिंह पहली बार बिहार पहुंचे, तब भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। अब 16 अगस्त को आरसीपी सिंह केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार बिहार पहुंच रहे हैं, तो पुनः पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक जोश एवं उत्साह के साथ उनके स्वागत की भी तैयारी कर रहे हैं। राज्यभर के कार्यकर्ता और नेता इसे ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं।

आरसीपी सिंह के स्वागत में लगाए गए पोस्टर से ललन सिंह की फोटो गायब होने के सवाल पर प्रगति मेहता ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। 

उन्होंने कहा कि 16 अगस्त को जब आरसीपी सिंह बिहार की धरती पर पहुंचेंगे तो समस्त पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उनका ऐतिहासिक स्वागत करेंगे, और इसे लेकर तैयारियां जोरों पर है।

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live