अपराध के खबरें

बिहार में पूरे दिन रहेगा सूर्य ग्रहण का असर, अगले साल होगी बेहद खास बात

संवाद

इस साल का आखिरी सूर्य ग्रहण मंगलवार को लग रहा है। यह आंशिक सूर्य ग्रहण भारत में भी दिखेगा। पटना में ग्रहण की अवधि करीब आधा घंटा होगी। सूर्य ग्रहण का सूतक 12 घंटे पहले ही लग जाता है। इस प्रकार पटना में सूर्य ग्रहण का सूतक सूर्योदय से पहले ही सुबह 4.42 बजे ही शुरू हो जाएगा। 
मंगलवार की शाम 4.42 से सूर्य ग्रहण लगेगा। उसके 12 घंटा पहले सूतक लग जाएगा। शाम 5 बजकर 11 मिनट पर सूर्य ग्रहण का मध्य होगा। शाम 5 बजकर 13 मिनट पर ग्रहण से मोक्ष हो जाएगा। वैसे तो ग्रहण इसके बाद तक चलेगा। लेकिन, ग्रहण की अवधि में ही पटना में सूर्यास्‍त हो जाएगा। पटना में ग्रहण का मध्‍य सूर्यास्‍त से ठीक पहले होगा। इसलिए तब सूर्य बिल्‍कुल पश्चिमी क्षितिज पर दिखाई देगा। सूर्यास्‍त के बाद का ग्रहण पटना में दृश्‍य नहीं होगा। पटना में मंगलवार को सूर्योदय सुबह 5.53 बजे जबकि सूर्यास्‍त शाम 5.13 बजे ही हो जाएगा। ग्रहण की समाप्‍त‍ि के बाद गंगा और अन्‍य जलाशयों में स्‍नान करने के बाद पूजा आदि करनी चाहिए। इसके बाद ही भोजन बनाना और ग्रहण करना चाहिए। 
सूतक में बंद रहेंगे मंदिरों के पट 
सूतक के दौरान मंदिरों के पट बंद रहेंगे। आचार्य पंडित विनोद झा वैदिक का कहना है कि मंगलवार की शाम 4.42 से ग्रहण शुरू हो जाएगा। ग्रहण के दौरान पूजा-पाठ एवं अन्य शुभ कार्य नहीं होंगे। ग्रहण के उपरांत लोग गंगा एवं अन्य जलाशयों में स्नान करेंगे। उसके बाद घरों में भोजन बनाने का कार्य शुरू होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण के दौरान भोजन करना ठीक नहीं माना जाता है।
अगले महीने लगेगा चंद्र ग्रहण
अगले ही महीने चंद्र ग्रहण लगने वाला है। आठ नवंबर को लगने वाला पूर्ण चंद्र ग्रहण पटना में सूर्यास्‍त से पहले ही शुरू हो जाएगा। यह ग्रहण करीब ढाई घंटे लंबा होगा। अगले साल यानी 2023 में पटना में कोई भी सूर्य ग्रहण नहीं दिखेगा। 2023 के मई और अक्‍टूबर महीने में दो आंशिक और छाया चंद्रग्रहण लगेंगे। सबसे दिलचस्‍प बात 2024 में होगी। इस साल पटना में कोई भी सूर्य या चंद्र ग्रहण दिखाई नहीं देगा। इसके बाद सीधे 2025 के सितंबर महीने में पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई देगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live