बिहार में 15 दिसंबर से ठंड में होगी वृद्धि, पटना मौसम विभाग ने दी चेतावनी, देखें ताजा अपडेट


संवाद 


बिहार में फिलहाल दिन में मौसम ठीक है लेकिन 15 दिसंबर के बाद से ठंड में और वृद्धि होगी. पटना मौसम विभाग की तरफ से इसको लेकर चेतावनी दे दी गई है. मंगलवार (12 दिसंबर) को राज्य में अधिकतम टेंपेरेचर 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम टेंपेरेचर 11.5 डिग्री रहा. आने वाले अगले तीन दिनों के बाद अधिकतम टेंपेरेचर 20 से 21 डिग्री होने का अनुमान है. दिन में भी ज्यादा ठंड महसूस होने के संकेत हैं.मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुकूल राज्य में पछुआ हवा का प्रवाह सतह से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक जारी है. साथ ही पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश एवं आसपास समुद्र तल से औसत 1.5 और 3.1 किलोमीटर के बीच में उपस्थित है. इसके असर से राज्य में आने वाले अगले तीन दिनों के दौरान टेंपेरेचर में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी होने का अनुमान है. 

हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा सुबह के वक्त राज्य के अधिकांश भागों में रहेगा.

राज्य के टेंपेरेचर में प्रतिदिन गिरावट देखने को मिल रही है. सोमवार को सबसे अधिक टेंपेरेचर खगड़िया में 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि मंगलवार को अधिकतम टेंपेरेचर में गिरावट के साथ सबसे अधिक टेंपेरेचर सीवान के जीरादेई में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के अधिसंख्य स्थानों में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री रहा. राजधानी पटना में भी टेंपेरेचर में प्रतिदिन गिरावट देखने को मिल रही है. सोमवार को पटना में 25.6 डिग्री सेल्सियस टेंपेरेचर दर्ज किया गया था तो वहीं मंगलवार को 0.4 डिग्री की गिरावट के साथ 25.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.राज्य में उत्तर बिहार की अपेक्षा दक्षिण बिहार में ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है. प्रदेश के न्यूनतम टेंपेरेचर में भी काफी ज्यादा गिरावट आ चुकी है. मंगलवार को पूसा और सबौर में 8 डिग्री न्यूनतम टेंपेरेचर दर्ज किया गया. राज्य के अधिसंख्य जिलों में सुबह के वक्त हल्के और मध्यम स्तर का कुहासा छाया रहा. आज बुधवार (13 दिसंबर) को भी करीब सभी जिलों में सुबह के वक्त हल्के और मध्यम स्तर का कुहासा छाया रहा है. दिन में मंगलवार की अपेक्षा आज बुधवार के टेंपेरेचर में गिरावट होने का पूर्वानुमान है.


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.