बिहार की राजधानी पटना में कड़ाके की ठंड से लोगों का हाल बेहाल है. इसको देखते हुए पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है. इसके अनुकूल पटना जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में कक्षाओं का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ही किया जाएगा. इसके बाद किसी भी शैक्षणिक गतिविधि पर रोक रहेगी. ये निर्देश बीते बुधवार (01 जनवरी, 2025) को आया है.पटना डीएम की तरफ से जारी किए गए आदेश पत्र में लिखा गया है, "जिले में अधिक ठंड तथा खास रूप से सुबह और शाम के समय कम टेंपेरेचर की स्थिति है, जिसके वजह से बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है. इसकी वजह से मैं डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिला दंडाधिकारी, पटना भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत जिले के सभी निजी/सरकारी विद्यालयों (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों सहित) में सभी कक्षाओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियों पर पूर्वाह्न 09.00 बजे से पहले एवं अपराह्न 04.00 बजे के पश्चात् प्रतिबंध लगाता हूं."
डीएम की तरफ से जारी निर्देश में आगे लिखा गया है,
"विद्यालय प्रबंधन को एतद् द्वारा आदेश दिया जाता है कि वे उल्लिखित आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों को पुनर्निर्धारित करेंगे. प्री-बोर्ड/बोर्ड की परीक्षा हेतु संचालित किए जाने वाली विशेष कक्षाओं/परीक्षाओं का संचालन इससे मुक्त रहेगा. उपर्युक्त निर्देश पटना जिले में 02 जनवरी से लागू होगा एवं दिनांक 06 जनवरी तक प्रभावी रहेगा."बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए चलने वाली स्पेशल क्लासेज के लिए कोई निर्देश लागू नहीं किया गया है. वे अपने निर्धारित तय समय पर ही चलेगी. यानि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकेगी. हालांकि पटना डीएम का निर्देश 2 से 6 जनवरी 2025 तक ही लागू रहेगा. इसके बाद स्कूल सामान्य समय पर ही खुलेंगे. बच्चों की सेहत को देखते हुए डीएम ने समय में बदलाव किया है.
👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार