हम सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बिहार दौरों पर तंज कसते हुए कहा कि "अगर राहुल गांधी लालू यादव के शासनकाल में इतनी बार बिहार आते, तो उनका अपहरण हो सकता था। उन्हें छुड़ाने के लिए सोनिया गांधी को मुख्यमंत्री आवास में डील करनी पड़ती।"
मांझी का यह बयान तब आया है जब राहुल गांधी ने बीते महीनों में कई बार बिहार का दौरा किया है, और हाल ही में राजगीर में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भी शामिल हुए थे।
जीतनराम मांझी ने यह भी कहा कि आज जो लोग कानून-व्यवस्था की दुहाई दे रहे हैं, उन्हें पहले अपने शासनकाल की हकीकत याद करनी चाहिए। उन्होंने बिना नाम लिए राजद के शासनकाल को जंगलराज की संज्ञा दी।
इस बयान के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। आरजेडी नेताओं ने मांझी के बयान को "सस्ती लोकप्रियता के लिए दिया गया बयान" करार देते हुए आलोचना की है।