मुजफ्फरपुर। बिहार सरकार ने स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े एक अहम धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के रमना स्थित गया बाबू का मकान, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 10 अप्रैल 1917 को ठहरे थे, अब चंपारण सत्याग्रह संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा।
गौरतलब है कि गांधी जी 15 अप्रैल 1917 को यहीं से चंपारण के लिए रवाना हुए थे और किसानों की व्यथा को आवाज देते हुए चंपारण सत्याग्रह का शंखनाद किया था। इतिहासकारों के मुताबिक, चंपारण ही गांधी जी का पहला बड़ा सत्याग्रह था, जिसने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी।
बिहार सरकार ने इस मकान को संग्रहालय बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। माना जा रहा है कि इसके विकसित हो जाने के बाद यह स्थल पर्यटकों और शोधार्थियों के लिए एक ऐतिहासिक आकर्षण बनेगा।
👉 इतिहास और बिहार की धरोहरों से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।