बिहार चुनाव: सीट बंटवारे से पहले लोजपा में हलचल, चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती का पोस्ट चर्चा में


संवाद 

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए के घटक दलों ने तैयारी तेज कर दी है। बीजेपी, जदयू, लोजपा (रामविलास), राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हम (हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा) गठबंधन में शामिल हैं, लेकिन अभी तक सीट शेयरिंग का कोई फार्मूला तय नहीं हो पाया है।

इसी बीच लोजपा (रामविलास) के अंदर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है एक सोशल मीडिया पोस्ट ने। पार्टी के वरिष्ठ नेता और चिराग पासवान के जीजा व जमुई सांसद अरुण भारती ने रविवार को एक पोस्ट डाली, जिसने सियासी गलियारे में चर्चा छेड़ दी है।

अपने पोस्ट में अरुण भारती ने 2020 विधानसभा चुनाव की याद दिलाई, जब लोजपा ने एनडीए से अलग होकर अकेले मैदान में उतरने का फैसला किया था। उन्होंने इशारों में कहा कि पार्टी ने तब भी मजबूती दिखाई थी और इस बार भी अगर जरूरत पड़ी तो अपने फैसले खुद लेने में सक्षम है।

राजनीतिक हलकों का मानना है कि सीट बंटवारे पर चल रहे अंदरुनी मंथन के बीच लोजपा प्रभारी की हैसियत से अरुण भारती का यह पोस्ट सामान्य उद्गार नहीं है। इसे गठबंधन के भीतर दबाव की राजनीति और अपनी ताकत दिखाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

👉 बिहार विधानसभा चुनाव की हर हलचल के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।




Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.