संवाद
बिहार के सीवान जिले में बुधवार (24 सितंबर, 2025) की शाम दो घंटे के भीतर दो अलग-अलग गोलीकांड की घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों मामलों में घायल व्यक्तियों की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पहला मामला: वीआईपी कार्यकर्ता को मारी गोली
पहली घटना असाव थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव की है। यहां देर शाम अज्ञात बदमाशों ने वीआईपी पार्टी के कार्यकर्ता राहुल साहनी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही लोग मौके पर जमा हो गए और घायल राहुल को सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया।
राहुल के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में बाइक चलाने को लेकर उनका विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद की वजह से बदमाशों ने हमला किया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला: टहलने के दौरान युवक को मारी गोली
दूसरी घटना महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के दारोगा हाता हाइवे के पास की है। यहां श्रीराम सिंह, निवासी बेनसार, को उस समय गोली मार दी गई जब वे सड़क पर टहल रहे थे। बाइक सवार अपराधी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई
लगातार दो गोलीकांड से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
👉 ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज.