तरैया विधानसभा क्षेत्र से इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने उम्मीदवार को बदलने की तैयारी में है। वर्तमान विधायक जनक सिंह की जगह पार्टी नेतृत्व महिला चेहरे को मैदान में उतारने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। चर्चा है कि छपरा जिला परिषद की उपाध्यक्ष और प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की प्रवक्ता प्रियंका सिंह को टिकट मिल सकता है।
प्रियंका सिंह राजनीति में अपनी सक्रियता और तेज़-तर्रार नेतृत्व शैली के लिए जानी जाती हैं। वे लगातार तरैया विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रही हैं और जनता के बीच मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। यह उनका गृह क्षेत्र भी है और यहीं से वे जिला परिषद की सदस्य निर्वाचित हुई थीं।
भाजपा के अंदरूनी समीकरणों के अनुसार पार्टी इस बार महिला सशक्तिकरण और नए चेहरे पर दांव खेलने की रणनीति अपना सकती है। प्रियंका सिंह का नाम सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उभरकर सामने आया है। स्थानीय स्तर पर भी उनके पक्ष में समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है कि अगर पार्टी उन्हें मौका देती है, तो तरैया में मुकाबला काफी दिलचस्प और कड़ा होने वाला है।