बिहार में शीतलहर का कहर: राजगीर में शिमला से ज्यादा ठंड, 11 जिलों में स्कूल बंद, 32 ट्रेनें लेट


पटना।
बिहार में कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते चार दिनों से लगातार चल रही पछुआ हवा के कारण कनकनी बढ़ गई है। कई जिलों में दिनभर धूप नहीं निकल रही है, जबकि सुबह और शाम घना कोहरा छाया हुआ है। हालात को देखते हुए राज्य के 11 जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, वहीं कुछ जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।

राजगीर में शिमला से भी ज्यादा ठंड

पटना से सटे राजगीर में ठंड ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। यहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला (7°C), देहरादून, रांची और भोपाल से भी कम है। प्रदेश के पांच जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है।

घना कोहरा, ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बिहार के 24 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना, नालंदा, औरंगाबाद और छपरा में घना कोहरा छाया रहा। नालंदा में दृश्यता 20 मीटर से भी कम दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक कोल्ड-डे की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।

ट्रेन परिचालन प्रभावित

घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। पटना जंक्शन से गुजरने वाली 32 ट्रेनें सोमवार को देरी से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनों के लेट होने से प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। 25 दिसंबर के बाद पूरे बिहार में कोल्ड-डे की स्थिति बनने की संभावना है, जिससे दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

ठंड के कारण स्कूल बंद

भीषण ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने शिवहर में 23 दिसंबर तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, बक्सर, अररिया, सीवान, भोजपुर, गोपालगंज, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण और दरभंगा में 24 दिसंबर तक स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

मौसम, बिहार और देश की हर अपडेट के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.