पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के सुर एक बार फिर बदले-बदले नजर आ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना अभिभावक बताते हुए उनके कार्यकाल की खुलकर सराहना की है। आरसीपी सिंह ने कहा कि लंबे समय तक उनका मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ प्रशासनिक और राजनीतिक सहयोग रहा है और पिछले 25 वर्षों में बिहार में जो विकास हुआ है, वह ऐतिहासिक है।
आरसीपी सिंह का यह बयान उस समय आया है, जब एक ही कार्यक्रम में मौजूद रहने के बावजूद नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। इसके बावजूद उनके इस बयान ने सियासी गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है।
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव से पहले आरसीपी सिंह के तेवर बदले हुए दिखाई दे रहे हैं। कभी नीतीश कुमार के खिलाफ तीखे और आलोचनात्मक बयान देने वाले आरसीपी सिंह अब उनके कार्यों की प्रशंसा करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले उनके नीतीश कुमार के खिलाफ बयान लगातार सुर्खियां बनते रहे थे।
पूर्व नौकरशाह रहे आरसीपी सिंह फिलहाल प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़े हुए हैं। ऐसे में उनके इस बदले रुख को लेकर राजनीतिक विश्लेषक अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं।
👉 बिहार की राजनीति से जुड़ी हर बड़ी खबर और अंदरूनी अपडेट के लिए पढ़ते रहें – मिथिला हिन्दी न्यूज।