बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मंगलवार को बिहार का मौसम जम्मू से भी ज्यादा ठंडा दर्ज किया गया। जहां जम्मू का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं बिहार में इस सीजन में पहली बार भागलपुर के सबौर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम के आंकड़ों के मुताबिक राज्य के 25 जिलों का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। भागलपुर, गया जी, नालंदा, सीवान, समस्तीपुर समेत कई जिलों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। हालात यह रहे कि सभी जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में बर्फीली पछुआ हवा का प्रवाह लगातार जारी है, जिसके कारण ठंड और बढ़ रही है। आने वाले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात बनने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
मौसम और बिहार की हर ताजा अपडेट के लिए पढ़ते रहें मिथिला हिन्दी न्यूज।