उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। खांसी-जुकाम से पीड़ित दो साल के मासूम की कथित तौर पर कप-सिरप पीने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
दवा देने के बाद बिगड़ी हालत
परिजनों के अनुसार, बच्चे को खांसी-जुकाम की शिकायत थी। इसी दौरान उसे कप-सिरप दिया गया। दवा लेने के कुछ ही समय बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंचे। उनके साथ ड्रग इंस्पेक्टर और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी जांच-पड़ताल की। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
स्वास्थ्य कर्मी पर बड़ी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि जिस महिला स्वास्थ्य कर्मी ने बच्चे को कप-सिरप दिया था, उसके खिलाफ सीएमओ ने कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट का इंतजार
अब सभी की नजरें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे स्पष्ट होगा कि बच्चे की मौत दवा के रिएक्शन से हुई या किसी अन्य कारण से। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।
इस घटना ने एक बार फिर दवाओं के इस्तेमाल और स्वास्थ्य सेवाओं में सतर्कता की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदेश और देश की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज