मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई कार, आर्मी के लेफ्टिनेंट कर्नल समेत 7 घायल, डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल

संवाद 

मुजफ्फरपुर। जिले के करजा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोनौरा इंडा के समीप सोमवार शाम करीब चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार कार जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार आर्मी के एक लेफ्टिनेंट कर्नल सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें डेढ़ साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पीछे से आ रही एक अन्य कार में सवार लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मुजफ्फरपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार के एयरबैग खुल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश की, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के बाद गड्ढे में जा गिरा।

सूचना मिलने पर करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जिले और बिहार की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.