फरेवा मुसहरी गांव की घटना, चार दोस्त थे एक साथ
बिहार के सहरसा जिले के कनरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फरेवा मुसहरी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां चार दोस्तों ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान राजा कुमार (20) और सन्नीदेवल कुमार (18) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों गांव-घर में लौंडा-नाच कार्यक्रम में काम करते थे। घटना के वक्त चारों दोस्त एक साथ मौजूद थे, तभी अचानक सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों द्वारा आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजा कुमार और सन्नीदेवल कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से बीमार दो अन्य नाबालिगों में से एक का इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरे का उपचार गांव स्तर पर कराया जा रहा है।
कनरिया थाना के थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कीटनाशक दवा के सेवन का प्रतीत होता है। घटनास्थल से कुछ संदिग्ध पदार्थ बरामद किए गए हैं। उनकी जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देश-दुनिया और बिहार की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज