उत्तर प्रदेश से रोज़ाना बिहार में कुर्सियां बेचने आने वाला एक नौजवान गोपालगंज पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसकी मोपेड के पीछे दर्जनभर प्लास्टिक की कुर्सियां बंधी रहती थीं। आमतौर पर ऐसे फेरीवालों को पुलिस नहीं रोकती थी, लेकिन इस बार मुखबिरी के बाद पुलिस पहले से अलर्ट थी।
सुनसान सड़क पर युवक को देखते ही पुलिस ने उसे रोका। पहली नज़र में पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए कि इस वीरान रास्ते पर कुर्सियां खरीदने कौन आता होगा। शक होने पर जब एक-एक कर कुर्सियां उतरवाई गईं, तो महज तीन कुर्सी हटाते ही शराब तस्करी के ‘पुष्पा स्टाइल’ का खुलासा हो गया। कुर्सियों को काटकर उनके अंदर शराब की बोतलें छुपाई गई थीं।
होली को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब की मांग तेज़ हो जाती है। इसी मौके का फायदा उठाने के लिए तस्कर नए-नए फिल्मी तरीकों से तस्करी कर रहे हैं। उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोपालगंज जिले के कुचायकोट इलाके से इस शातिर तस्कर को पकड़ा गया।
पहली नज़र में युवक साधारण फेरीवाला लग रहा था, लेकिन सघन तलाशी के बाद उसके ‘पुष्पा स्टाइल’ जुगाड़ का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
होली और बिहार की ऐसी ही चौंकाने वाली खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज