बिहार के सीतामढ़ी में भाजपा नेता के भाई को मारी गोली, बाइक सवार हमलावर फरार


बिहार के सीतामढ़ी जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मनियारी पंचायत के मुखिया पति व भाजपा नेता देवेंद्र साह के भाई सुरेंद्र साह को अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। यह घटना देर शाम सीतामढ़ी से सटे पमरा पुल के पास हुई, जब सुरेंद्र साह राइस मिल से काम निपटाकर लौट रहे थे।

गोली लगते ही सुरेंद्र साह मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती कराने की सलाह दी। फिलहाल घायल की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पमरा पुल के आसपास इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी के एंगल से भी पड़ताल की जा रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर पुलिस ने अभी कारणों की पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और पमरा पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

ब्रेकिंग न्यूज़ और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.