ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल एडिक्शन किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है, इसकी दर्दनाक बानगी एक बार फिर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में देखने को मिली। यहां तीन सगी बहनों ने एक इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से पूरे देश में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि तीनों बहनें मोबाइल फोन की अत्यधिक लत की शिकार थीं और वे एक ऑनलाइन कोरियन गेम खेलती थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लंबे समय से डिजिटल गेमिंग में डूबी रहने के कारण वे मानसिक दबाव में थीं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
इस घटना पर बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बच्चों पर बढ़ते डिजिटल दबाव और ऑनलाइन गेमिंग की लत पर चिंता जाहिर की।
सोनू सूद ने कहा कि आज के बच्चे डिजिटल एडिक्शन और ऑनलाइन गेमिंग के कारण भारी मानसिक दबाव महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि बच्चों को किसी एल्गोरिदम की नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन, समय और देखभाल की जरूरत है। साथ ही उन्होंने माता-पिता और समाज से अपील की कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि तकनीक के इस दौर में बच्चों की निगरानी, संवाद और भावनात्मक सहयोग कितना जरूरी हो गया है। विशेषज्ञ भी लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि डिजिटल संतुलन न होने की स्थिति में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
समाज, देश और युवाओं से जुड़ी हर अहम खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज