पाकिस्तान ने रखी कुछ शर्तें, अगले 48 घंटे अहम
क्रिकेट जगत के सबसे चर्चित और हाई-वोल्टेज मुकाबले को रद्द होने से बचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पूरी ताकत झोंक दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 48 घंटों के दौरान आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच लगातार बातचीत हुई है, जिसके बाद इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले के होने की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस मुकाबले में खेलने के बदले आईसीसी के सामने कुछ विशेष शर्तें रखी हैं। इन शर्तों पर फिलहाल मंथन चल रहा है और अभी तक उनका खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार हालात पहले की तुलना में काफी सकारात्मक हैं और अगले 48 घंटों के भीतर इस मामले में कोई अच्छी खबर सामने आ सकती है।
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई, जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने वर्ल्ड कप मैच को भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने की मांग की थी। आईसीसी ने इस प्रस्ताव पर वोटिंग कराई, जिसमें 14-2 के बहुमत से बांग्लादेश की मांग को खारिज कर दिया गया।
आईसीसी के फैसले से नाराज बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से हटने का निर्णय ले लिया, जिसके बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। इसी के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच के बहिष्कार की घोषणा कर दी थी।
अब आईसीसी इस पूरे मामले को सुलझाने में जुटी है, क्योंकि भारत-पाक मैच न केवल क्रिकेट प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण होता है, बल्कि टूर्नामेंट की व्यावसायिक सफलता भी काफी हद तक इसी मुकाबले पर निर्भर करती है। आने वाले घंटे तय करेंगे कि यह महामुकाबला होगा या नहीं।
खेल जगत की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज