यूपी सरकार का शिक्षकों को बड़ा तोहफा, छुट्टी के दिन अब नहीं बुलाए जाएंगे ड्यूटी पर


उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों को कैशलेस सुविधा के बाद अब एक और बड़ी राहत दे दी है। अब राज्य के माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों को छुट्टी के दिन ड्यूटी पर नहीं बुलाया जाएगा।

दरअसल, लंबे समय से यह शिकायत सामने आ रही थी कि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) द्वारा शिक्षकों को छुट्टियों के दिन भी ड्यूटी पर बुला लिया जाता है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से पहले ही इस पर रोक लगाने का आदेश जारी किया जा चुका था, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा था।

पिछले दिनों कड़ाके की ठंड के दौरान भी छुट्टी घोषित होने के बावजूद शिक्षकों को ड्यूटी के लिए बुलाया गया था। इसके अलावा परीक्षा, सर्वे, सत्यापन और अन्य प्रशासनिक कार्यों के नाम पर भी छुट्टी के दिनों में शिक्षकों को बुलाए जाने के कई मामले सामने आए थे।

इन मामलों को लेकर अब शिक्षकों की ओर से शासन स्तर पर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद शासन ने सख्त रुख अपनाया है। शासन की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि अवकाश के दिन शिक्षकों को ड्यूटी पर बुलाना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और ऐसा करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है।

इस फैसले के बाद शिक्षकों में राहत और संतोष का माहौल है। शिक्षकों का कहना है कि इससे उन्हें मानसिक शांति मिलेगी और वे अपने पारिवारिक व व्यक्तिगत जीवन को भी बेहतर ढंग से समय दे सकेंगे।

👉 शिक्षा और सरकारी फैसलों से जुड़ी हर अहम खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.