टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर अभी भी संशय की स्थिति बनी हुई है। एक तरफ जहां पाकिस्तान सरकार पहले ही भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलने से इनकार कर चुकी है, वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के आधिकारिक फैसले का इंतजार कर रही है।
इस पूरे विवाद और अनिश्चितता के बीच टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने को लेकर बड़ा और साफ बयान दिया है। सूर्या ने कहा कि भारतीय टीम मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है और हमारी फ्लाइट भी बुक हो चुकी है। उन्होंने इशारों-इशारों में यह साफ कर दिया कि भारत की ओर से खेलने को लेकर कोई आपत्ति नहीं है।
आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत-पाक क्रिकेट मुकाबले को लेकर माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव का असर एक बार फिर क्रिकेट पर पड़ता नजर आ रहा है। हालांकि सूर्यकुमार यादव के बयान से यह संदेश जरूर गया है कि टीम इंडिया क्रिकेट के मैदान पर उतरने के लिए तैयार है और फैसला अब आईसीसी व पीसीबी के पाले में है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और आईसीसी इस मुद्दे पर क्या अंतिम फैसला लेते हैं और क्या क्रिकेट फैंस को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक महामुकाबला देखने को मिलेगा या नहीं।
खेल जगत की हर बड़ी और ताज़ा खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज