एलपीजी सिलेंडर बुकिंग पर नया नियम, 12 सिलेंडर के बाद देनी होगी अतिरिक्त जानकारी


देश में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने एक नई प्रक्रिया लागू कर दी है, जिससे उपभोक्ताओं को अब गैस बुकिंग के लिए अतिरिक्त जानकारी देनी पड़ेगी।

नई व्यवस्था के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं ने अपने सालाना कोटे के 12 सिलेंडर रिफिल करा लिए हैं, उन्हें अब अगली बुकिंग के लिए एक मोबाइल एप का सहारा लेना होगा। इस एप में उपभोक्ताओं को परिवार के सदस्यों की संख्या, घर में आने वाले मेहमानों की जानकारी, और यदि कोई शादी, भंडारा या अन्य आयोजन है तो उसका विवरण भी देना अनिवार्य होगा। इन सवालों के जवाब देने के बाद ही सिलेंडर बुकिंग संभव हो सकेगी।

रविवार से लागू हुए इस नए नियम की जानकारी न तो गैस एजेंसी संचालकों को थी और न ही उपभोक्ताओं को। सुबह से ही जब लोग मोबाइल फोन के जरिए सिलेंडर बुक करने की कोशिश कर रहे थे, तो उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा। इसके बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर पहुंचे।

एजेंसी पर मौजूद कर्मचारियों को भी इस बदलाव की जानकारी नहीं थी। बाद में संचालकों ने पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों से संपर्क किया, तब जाकर इस नई प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकी।

इस अचानक बदलाव से उपभोक्ताओं में नाराजगी और असमंजस की स्थिति देखी जा रही है। लोग इसे जटिल और समय लेने वाली प्रक्रिया बता रहे हैं, वहीं एजेंसी संचालक भी स्पष्ट दिशा-निर्देश न मिलने से परेशान हैं।

👉 घरेलू और जरूरी खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.