गोपालगंज में एक अजीबो-गरीब प्रेम कहानी का मामला सामने आया है, जहां अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज़ एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती की मांग थी कि उसके प्रेमी को तुरंत रिहा किया जाए और उससे शादी कराई जाए।
बताया जा रहा है कि युवती का प्रेमी पवन चौहान किसी मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर हाजत में बंद था। प्रेमी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही युवती नाराज़ हो गई और सीधे एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
टावर पर चढ़ने के बाद युवती ने साफ कह दिया कि जब तक उसके प्रेमी को छोड़ा नहीं जाएगा और उससे शादी नहीं कराई जाएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। यहां तक कि युवती ने यह भी कहा कि वह टावर पर ही अपने प्रेमी से शादी करेगी।
एक घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे तक पुलिस और ग्रामीण युवती को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने एक अनोखा तरीका अपनाया। हाजत में बंद प्रेमी पवन चौहान को हथकड़ी के साथ जीप से टावर के पास लाया गया।
जैसे ही युवती ने अपने प्रेमी को देखा, वह मान गई और टावर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
घटना के दौरान वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
ऐसी ही ताजा और भरोसेमंद खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू | Mithila Hindi News 📰