बिहार में फिर गिरा निर्माणाधीन पुल, गोपालगंज में बड़ा हादसा टला


बिहार में पुल गिरने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गोपालगंज जिला से सामने आया है, जहां घोघरी नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढलाई के दौरान अचानक ढह गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त मौके पर कोई मजदूर या ग्रामीण मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार घटना सिद्धवलिया प्रखंड के गंगवा गांव में हुई। यहां ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से करीब 2.89 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जा रहा था। बताया जा रहा है कि ढलाई के दौरान ही पुल का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। प्रारंभिक जांच के बाद तीन इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का आदेश भी जारी किया गया है।

सोमवार को प्रशासन ने आधिकारिक रूप से घटना की पुष्टि की। हालांकि किसी के हताहत नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और दोषियों पर आगे क्या कार्रवाई होती है।

बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.