भभुआ नगर परिषद अध्यक्ष पद से बबलू तिवारी हटाए गए, निर्वाचन आयोग की बड़ी कार्रवाई


कैमूर जिले के भभुआ नगर परिषद में बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। नगर परिषद अध्यक्ष विकास कुमार तिवारी उर्फ बबलू तिवारी को पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर पालिका अधिनियम 2007 के तहत की है।

आयोग की जांच में पाया गया कि 4 अप्रैल 2008 के बाद उनके दो से अधिक बच्चे हैं, जो नियमों का उल्लंघन है। इसी आधार पर उन्हें पद के लिए अयोग्य घोषित करते हुए तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।

यह मामला पूर्व अध्यक्ष जैनेंद्र कुमार आर्य द्वारा दायर वाद के बाद सामने आया था। आरोप लगाया गया था कि विकास तिवारी ने नामांकन के दौरान अपने बच्चों की सही जानकारी छुपाई थी। आयोग ने इस मामले में जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मंगाई और दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद सबूतों के आधार पर आरोपों को सही पाया।

निर्वाचन आयोग ने जिला पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए चार सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपी जाए।

इस फैसले के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और नगर परिषद में आगे की स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।

स्थानीय और बड़ी खबरों के लिए पढ़ते रहिए – मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.