दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भिगो मोहल्ला स्थित श्मशान घाट बगीचा में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सिरनिया गांव निवासी 24 वर्षीय मो. सलमान के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सलमान का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की शाम वह युवती के साथ शहर के एक रेस्टोरेंट गया था। वहां से लौटने के दौरान कुछ बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा किया। बताया जा रहा है कि नाका नंबर छह के पास सलमान के साथ मारपीट की घटना हुई थी।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सलमान की पेट में गोली मारकर हत्या की गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग भी इस मामले को लेकर आक्रोशित हैं।
वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। सदर एसडीपीओ ने मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
👉 बिहार और दरभंगा की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज