क्रिकेट जगत में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी और शानदार प्रदर्शन से देशभर में पहचान बनाने वाले युवा क्रिकेटर Vaibhav Suryavanshi को झारखंड में विशेष सम्मान मिलने जा रहा है। झारखंड सरकार ने उन्हें सम्मानित करने के साथ-साथ राज्य के स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने का निर्णय लिया है।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री Irfan Ansari ने कहा कि भले ही वैभव की टीम मैच जीतने में सफल नहीं रही, लेकिन उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाज़ी से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। मंत्री ने कहा कि वह स्वयं क्रिकेट के खिलाड़ी रहे हैं और इतनी कम उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ सामना करना तथा लगातार रन बनाना असाधारण प्रतिभा का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ अपना ही नहीं, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे भारत का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने वैभव को बधाई देते हुए कहा कि जल्द ही उन्हें झारखंड बुलाकर सम्मानित किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि युवा खिलाड़ियों के बीच वैभव की लोकप्रियता स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसी उद्देश्य से उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जा रहा है।
वैभव सूर्यवंशी की इस उपलब्धि से बिहार सहित पूरे देश में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमी इसे युवा प्रतिभाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देख रहे हैं।
खेल जगत की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।