‘लव गुरु’ मटुकनाथ चौधरी की राजनीति में एंट्री के संकेत? युवाओं से की ‘वोट से चोट’ की अपील


पटना: ‘लव गुरु’ के नाम से देशभर में चर्चित रिटायर्ड प्रोफेसर मटुकनाथ चौधरी इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह प्रेम नहीं बल्कि राजनीति है। मटुकनाथ चौधरी ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए युवाओं से राजनीतिक बदलाव की अपील करते हुए सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “तोड़ो गढ़ प्रतिगामी पार्टी के… बांकीपुर के युवा-शक्तियों! न चुप बैठो हृदय हार के, तोड़ दो सारे बंधन एक परिवार के… देश को पीछे धकेलने वाले कितने मगरूर हैं पाकर तुम्हारे वोट, इस बार टूट जाए कमर, करो ऐसी चोट…”

उनके इस पोस्ट को राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने पोस्ट में पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट का जिक्र किया है, जो इस समय राजनीतिक रूप से काफी चर्चाओं में है।

बांकीपुर सीट फिलहाल भाजपा के कब्जे में रही है। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में यहां से नितिन नवीन ने जीत दर्ज की थी। बाद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए, जिससे यह सीट खाली हो गई और अब यहां उपचुनाव होना है।

मटुकनाथ चौधरी का यह बयान ऐसे समय आया है जब बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज है। उन्होंने सीधे तौर पर किसी पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन “प्रतिगामी पार्टी” और “युवा-शक्ति” जैसे शब्दों ने राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयासों को जन्म दे दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मटुकनाथ चौधरी के इस पोस्ट के कई मायने निकाले जा सकते हैं। क्या वे किसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनने जा रहे हैं या सिर्फ सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रख रहे हैं, यह आने वाले दिनों में साफ हो सकता है।

राजनीति और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.