शिवहर की विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता बनीं कैबिनेट मंत्री, परिवार में खुशी की लहर


डॉ. श्वेता गुप्ता को बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद उनके परिवार और समर्थकों में खुशी का माहौल है। पहली बार शिवहर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर राजनीति में बड़ी पहचान बनाने वाली श्वेता गुप्ता की सफलता को परिवार ने मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया है।

डॉ. श्वेता गुप्ता मूल रूप से फतेहाबाद से जुड़े परिवार से आती हैं। उनके पिता डॉ. रामकुमार गुप्ता ने बताया कि साल 1984 में उनका परिवार फिरोजाबाद में आकर बस गया था। वर्तमान में परिवार के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहते हैं। उनके एक भाई फतेहाबाद में, एक वाराणसी में और एक फिरोजाबाद में रहते हैं। श्वेता गुप्ता की छोटी बहन प्रिया गुप्ता पटना में रहती हैं और वह भी डॉक्टर हैं।

डॉ. रामकुमार गुप्ता ने बताया कि श्वेता गुप्ता शुरू से ही पढ़ाई में काफी तेज थीं और सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। उनका जन्म फिरोजाबाद में हुआ और इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई भी वहीं से पूरी की। इसके बाद उनका चयन एमबीबीएस में हुआ। उन्होंने नागपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की और बाद में दरभंगा से एमएस गायनी की डिग्री हासिल की।

डॉ. श्वेता गुप्ता के पति वरुण कुमार भी पेशे से डॉक्टर हैं। वहीं उनके पिता डॉ. रामकुमार गुप्ता फिरोजाबाद में मॉर्डन पैथोलॉजी का संचालन करते हैं। परिवार का कहना है कि श्वेता गुप्ता ने हमेशा समाज सेवा को प्राथमिकता दी और इसी वजह से लोगों का भरोसा जीतने में सफल रहीं।

पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बनने के बाद सीधे कैबिनेट मंत्री बनाए जाने से उनके समर्थकों में भी उत्साह है। शिवहर क्षेत्र में लोग इसे जिले के लिए गर्व की बात बता रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि मंत्री बनने के बाद क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

बिहार और राजनीति की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.