NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: CBI ने कोचिंग डायरेक्टर को किया गिरफ्तार, मोबाइल से मिले अहम सबूत


NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। जांच एजेंसी CBI ने महाराष्ट्र के लातूर से रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC) के डायरेक्टर शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह परीक्षा पेपर लीक करने वाले एक संगठित गिरोह का हिस्सा था।

CBI के अनुसार, जांच के दौरान शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से कथित तौर पर लीक हुआ NEET पेपर और उसकी आंसर-की बरामद हुई है। इसके बाद एजेंसी ने RCC के मुख्य कार्यालय पर छापेमारी की, जहां से कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए।

जांच एजेंसी का दावा है कि यह गिरोह परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र हासिल कर उसे कई लोगों तक पहुंचा रहा था। CBI को यह भी शक है कि कोचिंग सेंटर में छात्रों को पहले से लीक हुए सवाल पढ़ाए गए थे। मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें सबसे अधिक आरोपी महाराष्ट्र से बताए जा रहे हैं।

जांच के दौरान बॉटनी लेक्चरर मनीषा मंधारे, ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे और प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी के नाम भी सामने आए हैं। आरोप है कि लाखों रुपये लेकर छात्रों और अभिभावकों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया।

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा पर गड़बड़ी और पेपर लीक के गंभीर आरोप लगे थे। इसके बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इस परीक्षा में देशभर से करीब 23 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। अब इस मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और कई बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

शिक्षा और देश की बड़ी खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.