👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार को मिली 149 नई सरकारी बसों की सौगात, पटना से दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए शुरू होगी इंटरस्टेट सेवा
0
June 30, 2026
पटना: बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) जल्द ही राज्यभर में 149 नई सरकारी बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है। इनमें पटना से 30 इंटरस्टेट बसें चलाई जाएंगी, जबकि राज्य के 17 जिलों से कुल 119 नई बसों का परिचालन होगा। नई बसों के शुरू होने से बिहार के अंदर और दूसरे राज्यों की यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक होगी।
BSRTC के 18 डिपो से संचालित होने वाली इन बसों में 75 एसी और 74 नॉन-एसी डीजल बसें शामिल हैं। इनमें से 40 बसें पटना पहुंच चुकी हैं, जबकि बाकी 109 बसें अगले 15 से 20 दिनों के भीतर बिहार पहुंच जाएंगी। सभी बसों का रजिस्ट्रेशन और परमिट पूरा होने के बाद अगले महीने से इनका परिचालन शुरू होने की संभावना है।
नई बस सेवा के तहत दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लिए इंटरस्टेट बसें चलाई जाएंगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के साथ बस संचालन का समझौता पहले से लागू है, जबकि दिल्ली और हरियाणा के साथ समझौते की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उम्मीद है कि अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन राज्यों के लिए भी नियमित सरकारी बस सेवा शुरू हो जाएगी।
सबसे अधिक बसें दिल्ली रूट पर चलाई जाएंगी, क्योंकि बड़ी संख्या में बिहार के लोग रोजगार और अन्य कार्यों के लिए दिल्ली जाते हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, गाजियाबाद, कोलकाता और सिलीगुड़ी के लिए भी बसों का संचालन किया जाएगा।
उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, सारण, सीवान और गोपालगंज जैसे जिलों से सबसे अधिक बसें चलेंगी। इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में काम करने जाते हैं, जिससे उन्हें सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार का मानना है कि नई बस सेवा शुरू होने से त्योहारों, गर्मी और सर्दी की छुट्टियों के दौरान ट्रेन में टिकट नहीं मिलने की समस्या से यात्रियों को राहत मिलेगी। लंबे समय से इंटरस्टेट सरकारी बस सेवा की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
बिहार की हर बड़ी और विश्वसनीय खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज
