दरभंगा एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, स्पाइसजेट विमान का टायर फटा; 150 यात्री सुरक्षित

दरभंगा | मिथिला हिन्दी न्यूज दरभंगा एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। मुंबई से दरभंगा पहुंची स्पाइसजेट की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान रनवे पर विमान का टायर फट गया। टायर फटने के बाद विमान का पहिया कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता रहा, जिससे विमान में बैठे करीब 150 यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और बेहतर नियंत्रण के कारण विमान को सुरक्षित रोक लिया गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे मुंबई-दरभंगा स्पाइसजेट की फ्लाइट जैसे ही रनवे पर उतरी, उसी दौरान विमान के टायर में तकनीकी खराबी आ गई और वह फट गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त पहिया रनवे पर घिसटता रहा, जिससे विमान में तेज कंपन और झटके महसूस हुए। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन पायलट ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और विमान को सुरक्षित रोक दिया। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मी और ग्राउंड स्टाफ मौके पर पहुंचे। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। इसके बाद विमान को तकनीकी जांच के लिए एप्रन में ले जाया गया। स्पाइसजेट का विमान लंबे समय तक एप्रन में खड़ा रहने के कारण एयरपोर्ट पर पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो गई। इसी वजह से दिल्ली से दरभंगा आने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को एहतियातन पटना डायवर्ट करना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर वही विमान पटना से दरभंगा पहुंचा और यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इसी दिन मुंबई से दरभंगा पहुंची अकासा एयर की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी सामने आई। जांच के कारण उसका परिचालन प्रभावित रहा। स्पाइसजेट और अकासा एयर के दोनों विमान एप्रन में खड़े रहने से एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित हुआ। सूत्रों के अनुसार दोनों विमान पूरी रात दरभंगा एयरपोर्ट पर ही रहेंगे, जिससे मंगलवार को भी कुछ उड़ान सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि दोनों विमानों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी उड़ान से जुड़ी ताजा जानकारी संबंधित एयरलाइन से प्राप्त करते रहें। बिहार और देश की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.