बस यात्रियों को झटका: बिहार में बस किराया 15% तक बढ़ा, गया-रांची और वाराणसी रूट पर बढ़ा खर्च

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का असर अब सार्वजनिक परिवहन पर भी दिखाई देने लगा है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने बस किराए में लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद लंबी दूरी से लेकर स्थानीय रूटों तक यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। नई दरों के अनुसार गया से रांची जाने वाले यात्रियों का किराया 293 रुपये से बढ़कर 337 रुपये हो गया है। वहीं गया से वाराणसी जाने के लिए अब 300 रुपये के बजाय 345 रुपये देने होंगे। किराया वृद्धि का सीधा असर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। निगम द्वारा जारी नई दरों के अनुसार गया-वाराणसी रूट पर डिलक्स बस का किराया 332 रुपये से बढ़कर 382 रुपये कर दिया गया है, जबकि डिलक्स एसी बस का किराया 386 रुपये से बढ़ाकर 466 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह गया से रांची के लिए डिलक्स बस का किराया 325 रुपये से बढ़कर 374 रुपये तथा डिलक्स एसी बस का किराया 377 रुपये से बढ़कर 456 रुपये हो गया है। स्थानीय रूटों पर भी किराया बढ़ा दिया गया है। गया बस डिपो से बोधगया, धर्मशाला और मानपुर का सामान्य किराया 18 रुपये से बढ़कर 21 रुपये हो गया है। इन रूटों पर डिलक्स बस का किराया 23 रुपये और डिलक्स एसी बस का किराया 27 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं गया से पंचानपुर और चेरकी का सामान्य किराया 27 रुपये से बढ़कर 31 रुपये हो गया है। डिलक्स बस का किराया 35 रुपये और डिलक्स एसी बस का किराया 41 रुपये तय किया गया है। इसके अलावा डोभी, कोंच और गुरुआ के लिए सामान्य बस का किराया 45 रुपये से बढ़ाकर 52 रुपये कर दिया गया है, जबकि डिलक्स बस और डिलक्स एसी बस का किराया क्रमशः 58 रुपये और 70 रुपये हो गया है। परिवहन विभाग का कहना है कि नई किराया दरें यात्रा की दूरी और बसों की श्रेणी के आधार पर तय की गई हैं। हालांकि किराया वृद्धि से यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है। बिहार की खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.