सहयोग शिविरों में मंत्री श्रेयसी सिंह ने अधिकारियों को दी चेतावनी, 30 दिनों में शिकायतों के निष्पादन का निर्देश



सीतामढ़ी, 2 जून। बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री तथा सीतामढ़ी की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह ने मंगलवार को जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन और कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करें तथा बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

प्रभारी मंत्री ने मेजरगंज प्रखंड की बसबिट्टा पंचायत, बैरगनिया प्रखंड की बेलगंज पंचायत तथा सुप्पी प्रखंड की अख्ता उत्तरी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं, विभागीय समन्वय और आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, पीएचईडी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, फार्मर आईडी निर्माण, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की।

मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन और शिकायत को अनिवार्य रूप से सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता न्याय के साथ विकास है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे तो राज्य की प्रगति और अधिक तेज होगी।

उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से सरकार गांव और पंचायत स्तर तक पहुंच रही है, इसलिए प्रत्येक आवेदन का निष्पादन 30 दिनों के भीतर करने की सोच के साथ कार्य किया जाए। साथ ही छोटे-छोटे मामलों का निपटारा शिविर स्थल पर ही किया जाए ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। निरीक्षण के दौरान कई आवेदनों के ऑन-द-स्पॉट निष्पादन का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप “सबका सम्मान, जीवन आसान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली का मूल मंत्र है। सहयोग शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार करें तथा सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।

शिविर में पहुंचे लोगों से फीडबैक लेते हुए मंत्री ने उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शिविर स्थलों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और इन्हें सुचारू रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर अवधि तक सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं का समाधान करें तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन के अनुसार जिले की विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से आमजनों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य हो रहा है। इस अवसर पर प्रभारी डीएम, उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय वरीय अधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

सीतामढ़ी की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज.

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.