👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना में नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा के लिए कड़ी सुरक्षा, 95 केंद्रों पर 46 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
0
June 10, 2026
पटना। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा को लेकर पटना जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 95 परीक्षा केंद्रों पर कुल 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
बुधवार को पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या कदाचार पाए जाने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
परीक्षा के दिन बंद रहेंगे कोचिंग संस्थान
जिला प्रशासन ने परीक्षा के दिन पटना के सभी कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि की संभावना को रोकना है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24 घंटे निगरानी की जाएगी ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा की व्यवस्था
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए यह व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने दावा किया है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज.
