सुपौल पुलिस में बड़ा फेरबदल, चार थानों के थानाध्यक्ष बदले गए

सुपौल: जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सुपौल पुलिस प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने जिले के चार प्रमुख थानों के थानाध्यक्षों का तबादला करते हुए नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही वर्तमान थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से पुलिस केंद्र, सुपौल में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी/एसटी) थाना के थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी को भपटियाही थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पुलिस कार्यालय में पदस्थापित किशोर कुमार को पिपरा थाना की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा संजय दास को बीरपुर थाना का नया थानाध्यक्ष तथा अनिरुद्ध प्रसाद को भीमपुर थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, भपटियाही थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे, पिपरा थाना के राजेश कुमार झा, बीरपुर थाना के राज किशोर मंडल तथा भीमपुर थाना के मिथिलेश कुमार पांडे को उनके पद से मुक्त कर पुलिस केंद्र सुपौल में योगदान देने का आदेश जारी किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से प्रभार हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह प्रशासनिक बदलाव जिले में अपराध नियंत्रण की रणनीति को और प्रभावी बनाने, थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि नए थानाध्यक्षों के अनुभव और कार्यशैली से संबंधित क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध मुक्त, सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इस फेरबदल के बाद अब लोगों की नजर नए थानाध्यक्षों की कार्यशैली और उनके नेतृत्व में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर टिकी हुई है। अपराध, प्रशासन और बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.