दरभंगा एयरपोर्ट पर बड़ा झटका: नए टर्मिनल से नहीं शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

दरभंगा। मिथिला क्षेत्र के लाखों लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है। दरभंगा एयरपोर्ट के निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार यह टर्मिनल केवल घरेलू उड़ानों के संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। लंबे समय से खाड़ी देशों, नेपाल और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की मांग कर रहे लोगों को फिलहाल निराशा हाथ लगी है। केंद्र सरकार के जन शिकायत पोर्टल (CPGRAMS) पर दर्ज शिकायत के जवाब में एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि नए टर्मिनल में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए आवश्यक कस्टम और इमिग्रेशन जैसी सुविधाओं की योजना फिलहाल नहीं है। अथॉरिटी ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय सेवाओं को लेकर अंतिम निर्णय मुख्यालय और केंद्र सरकार के स्तर पर लिया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार नए टर्मिनल और एप्रोन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। टर्मिनल का करीब 68 प्रतिशत और एप्रोन का लगभग 62 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अधिकारियों का दावा है कि 30 नवंबर 2026 तक पूरा निर्माण कार्य समाप्त कर लिया जाएगा। दरभंगा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद से ही मिथिला क्षेत्र के लोगों ने इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने और विदेशों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग की है। बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर, व्यवसायी और छात्र इस क्षेत्र से जुड़े हैं, जिन्हें अभी भी विदेश यात्रा के लिए दूसरे बड़े एयरपोर्टों का सहारा लेना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नया टर्मिनल अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर बनाया जाता तो भविष्य में विदेशों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करना आसान हो जाता। अब बाद में अलग से सुविधाएं विकसित करने पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है। फिलहाल क्षेत्र के लोगों की निगाहें केंद्र सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी के आगामी फैसलों पर टिकी हैं। सभी को उम्मीद है कि आने वाले समय में दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुविधा मिल सकेगी। दरभंगा और बिहार की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.