पुलिस को दी ‘विकास दुबे जैसा कांड’ करने की धमकी, हरकत में आई वैशाली पुलिस

वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कथित तौर पर ‘विकास दुबे जैसा कांड’ करने की धमकी देता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए दिए गए इस बयान के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। मामला बेलसर थाना क्षेत्र के माधोपुर राम गांव का बताया जा रहा है। आरोप है कि गांव निवासी सर्वेश चौधरी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने पुलिस प्रशासन के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और कार्रवाई होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। वायरल वीडियो में आरोपी कथित रूप से कहता नजर आ रहा है कि यदि पुलिस बिना सूचना उसके घर पहुंचती है तो वह ‘विकास दुबे जैसा कांड’ करेगा। वीडियो में उसने खुद को ‘शेर’ बताते हुए पुलिस को जवाब देने और काउंटर करने जैसी बातें भी कहीं हैं। इसके अलावा शराबबंदी कानून को लेकर भी विवादित टिप्पणी की गई है। वीडियो सामने आने के बाद वैशाली पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रम सिहाग के निर्देश पर बेलसर थाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बेलसर थाना में पहले से कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2005 में भी एक पुलिस छापेमारी के दौरान उस पर पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बताया जा रहा है कि पुलिस शुक्रवार रात न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। गिरफ्तारी नहीं होने के बाद अगले दिन उसने सोशल मीडिया पर यह वीडियो पोस्ट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन के खिलाफ कथित अमर्यादित भाषा के प्रयोग तथा खुलेआम धमकी देने के आरोप में बेलसर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे कानून के दायरे में लाया जाएगा। यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले बयानों को लेकर गंभीर बहस छेड़ रही है। पुलिस का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वैशाली, बिहार और देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए पढ़ते रहिए — मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.