👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला: सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई, CBI जांच की मांग वाली याचिका पर होगी सुनवाई
0
June 29, 2026
नई दिल्ली/आरा: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले में आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। इस मामले में दायर जनहित याचिका (PIL) में एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की गई है।
यह याचिका अधिवक्ता विशाल तिवारी ने दायर की है। याचिका में सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया गया है कि एनकाउंटर में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच CBI को सौंपी जाए। साथ ही जांच की निगरानी सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति से कराने की भी मांग की गई है।
याचिका में कहा गया है कि कथित फर्जी एनकाउंटर कानून के शासन और संविधान द्वारा प्रदत्त जीवन के अधिकार का उल्लंघन हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने और सजा देने का अधिकार केवल अदालत के पास है, न कि पुलिस के पास। इसलिए मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
इस बीच, भरत तिवारी एनकाउंटर मामले से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में भोजपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी दीपक दीक्षित उर्फ पंडित के खिलाफ आरा साइबर थाना में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी और भड़काऊ बयान देकर लोगों को पुलिस के खिलाफ उकसाने का प्रयास किया।
भोजपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी लगातार सोशल मीडिया और अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा था, जिसके आधार पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मामले की तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता को नियमित प्रक्रिया के तहत सुनवाई की तारीख लेने का निर्देश दिया था। अब इस बहुचर्चित मामले पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी, जिस पर पूरे बिहार समेत देशभर की नजरें टिकी हुई हैं।
बिहार और देश की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
