NEET फर्जीवाड़े पर बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन: DIG के नेतृत्व में 12 सदस्यीय SIT गठित, पूरे नेटवर्क की होगी जांच

पटना: नीट परीक्षा में सामने आए बड़े फर्जीवाड़े की जांच अब और तेज हो गई है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के एडीजी के निर्देश पर DIG स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में 12 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इस टीम में एक DIG, एक SP, पांच DSP और पांच इंस्पेक्टर शामिल हैं, जो पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क की जांच करेंगे। गौरतलब है कि 21 जून को लखीसराय जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 सॉल्वर और एक मूल अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान बायोमैट्रिक सिस्टम में छेड़छाड़ के आरोप में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया। इस मामले में दर्ज तीनों एफआईआर अब EOU ने अपने कब्जे में लेकर SIT को सौंप दी हैं। जांच एजेंसी जल्द ही परीक्षा से जुड़े मूल अभ्यर्थियों के रोल नंबर NTA को भेजकर उनका पता सत्यापित करेगी। इसके बाद संबंधित अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि वे उपस्थित नहीं होते हैं, तो SIT की टीम उनके घर जाकर पूछताछ करेगी। साथ ही गिरफ्तार सॉल्वरों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी और बायोमैट्रिक सिस्टम में कथित गड़बड़ी करने वाले कर्मियों से भी विस्तृत पूछताछ होगी। अधिकारियों का मानना है कि यह फर्जीवाड़ा एक संगठित गिरोह द्वारा संचालित किया गया, जिसके तार बिहार के कई जिलों और अन्य राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि पूरे नेटवर्क की पहचान कर इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पढ़ते रहिए – मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.