भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला: 15 पुलिसकर्मियों को न्यायिक जांच आयोग का समन, 16-17 जुलाई को होगी पेशी

आरा (भोजपुर): भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच तेज हो गई है। न्यायिक जांच आयोग ने इस मामले में जगदीशपुर के एसडीओ संजीत कुमार, तत्कालीन डीएसपी राजेश कुमार शर्मा और तत्कालीन शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत करीब 15 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को गवाही के लिए समन जारी किया है। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को 16 और 17 जुलाई को आयोग के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। आयोग पूरी घटना, गवाहों के आरोपों और पुलिस अधिकारियों के बयान की विस्तृत जांच करेगा। जांच के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ में शामिल तत्कालीन जगदीशपुर डीएसपी के बॉडीगार्ड संजय कुमार, दारोगा हरिचंद्र कुमार और एएसआई रामाशंकर यादव की सरकारी सर्विस पिस्टल जब्त कर ली है। इन हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इससे पहले तत्कालीन शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार, एसटीएफ जवान अक्षय कुमार और भरत भूषण तिवारी की पिस्टल भी जब्त की जा चुकी है। न्यायिक जांच आयोग ने शाहपुर थाने के दारोगा हरिचंद्र कुमार, इंस्पेक्टर सह आईओ संजीव कुमार, एएसआई रामाशंकर यादव, एसटीएफ के दारोगा विकास कुमार, मंटू कुमार, सिपाही मुन्ना कुमार, सोनू मेहता, चालक हवलदार नरेंद्र सिंह, सिपाही अभिषेक कुमार, अक्षय कुमार, दारोगा राम कुमार तथा डीएसपी के बॉडीगार्ड संजय कुमार को भी अलग-अलग तिथियों पर आयोग के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है। न्यायिक जांच आयोग की आगामी सुनवाई में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ेगी। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.