नेपाल ने बदला 1 रुपये के सिक्के का डिजाइन, विवादित नक्शे की जगह होगी लो ग्याकर मठ की तस्वीर


काठमांडू: नेपाल सरकार ने एक रुपये के नए डिजाइन वाले सिक्के को मंजूरी दे दी है। नए सिक्के में पहले मौजूद विवादित राजनीतिक मानचित्र की जगह अब मुस्तांग जिले के मरांग गांव स्थित लो ग्याकर मठ की तस्वीर अंकित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, मंत्रिपरिषद ने नेपाल राष्ट्र बैंक (एनआरबी) को नए डिजाइन वाले एक रुपये और दो रुपये के सिक्के ढालने की मंजूरी दे दी है। नए डिजाइन के तहत एक रुपये के सिक्के से वह राजनीतिक मानचित्र हटा दिया जाएगा, जिसमें लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया था।

गौरतलब है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार ने मई 2020 में नया आधिकारिक मानचित्र जारी किया था, जिसमें कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को नेपाल के क्षेत्र के रूप में दर्शाया गया था। इन क्षेत्रों को लेकर भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से सीमा विवाद बना हुआ है। नेपाल इन क्षेत्रों पर अपना दावा करता है, जबकि भारत इन्हें अपना अभिन्न हिस्सा मानता है।

सूत्रों के अनुसार, नए एक रुपये के सिक्के पर अब विवादित मानचित्र के स्थान पर लो ग्याकर मठ की तस्वीर होगी। हालांकि, इससे दोनों देशों के बीच सीमा विवाद पर किसी आधिकारिक नीति में बदलाव का संकेत नहीं माना जा रहा है।

— मिथिला हिंदी न्यूज़ | संपादक: रोहित कुमार सोनू

👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.