महिला सिपाहियों पर अश्लील टिप्पणी और शराब पार्टी पड़ी भारी, मोकामा नगर परिषद के 3 संविदाकर्मी गिरफ्तार

मोकामा/पटना: बिहार के मोकामा में महिला सिपाहियों पर अश्लील फब्तियां कसने और शराब के नशे में धुत मिलने के आरोप में मोकामा नगर परिषद के तीन संविदाकर्मियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक सिविल इंजीनियर (संविदा जेई) समेत प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तकनीकी सहायक राधेश्याम कुमार, आवास सहायक गोपाल कुमार और प्रभारी लेखापाल सौरभ राज शामिल हैं। पुलिस ने तीनों का ब्लड और यूरिन सैंपल जांच के लिए बाढ़ भेज दिया है। वहीं, नगर परिषद प्रशासन ने भी तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए सेवा से हटाने की तैयारी कर ली है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे महिला सिपाही मोकामा थाना से नगर परिषद कार्यालय स्थित आवास पर आराम करने जा रही थीं। उनके साथ सुरक्षा के लिए पुरुष पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। इसी दौरान नगर परिषद कार्यालय से सटे एक मकान की छत पर मौजूद तीन युवकों ने महिला सिपाहियों पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर दीं। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लिया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में तीनों शराब के नशे में पाए गए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने बताया कि तीनों के शराब सेवन की पुष्टि हुई है। बाढ़ के एसडीपीओ रामकृष्णा ने कहा कि महिला सिपाहियों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी के मामले में कार्रवाई की गई है तथा आरोपितों के खिलाफ केस को मजबूत बनाने के लिए ब्लड जांच भी कराई गई है। उधर, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार रजक ने कहा कि पुलिस की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तीनों संविदाकर्मियों को सेवा से हटाने की अनुशंसा की जाएगी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को बाढ़ कोर्ट में पेश करने के लिए भेज दिया। अपराध और बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.