👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बांकीपुर उपचुनाव: चुनाव प्रचार थमा, पवन सिंह और तेजस्वी यादव के काफिले आमने-सामने, 30 जुलाई को मतदान
0
يوليو 28, 2026
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम गया। कई दिनों तक चले हाई-वोल्टेज प्रचार अभियान के बाद अब सभी की नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर है। मतों की गिनती 3 अगस्त को होगी और उसी दिन दोपहर बाद तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।
प्रचार के अंतिम दिन भाजपा, महागठबंधन और अन्य राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। स्टार प्रचारकों ने रोड शो, जनसभाओं और जनसंपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया। अंतिम दिन राजधानी पटना की सड़कों पर चुनावी माहौल चरम पर रहा।
इसी दौरान पटना के सिटी सेंटर मॉल के पास उस समय माहौल गर्म हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का रोड शो और भाजपा का प्रचार रथ आमने-सामने आ गया। भाजपा के प्रचार रथ पर पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा, एमएलसी पवन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और विधायक संजीव चौरसिया मौजूद थे।
दोनों काफिलों के करीब आने पर भाजपा और राजद कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार नारेबाजी हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के काफिले की ओर चुनाव प्रचार सामग्री भी उछाली। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया और कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्रचार के आखिरी दिन तेजस्वी यादव ने करीब 7 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। उनके काफिले में लगभग 20 वाहन और सैकड़ों समर्थक शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।
पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि यदि भविष्य में उनकी सरकार बनती है तो छात्र आंदोलन में गिरफ्तार युवाओं के लिए पेंशन योजना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जेपी आंदोलन में शामिल लोगों को पेंशन दी जाती है, उसी तरह छात्र आंदोलन में भाग लेने वाले युवाओं के लिए भी योजना बनाई जाएगी।
तेजस्वी यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं हुए हैं और सरकार की कथनी व करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार अपने वोट से इसका जवाब देगी।
अब चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों की किस्मत मतदाताओं के हाथ में है। 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद यह तय हो जाएगा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का नया प्रतिनिधि कौन होगा।
मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
