बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत सांगोवर गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में 3 किसान और एक नाबालिग बच्चा शामिल हैं। सभी लोग खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू