👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
नवादा में विधवा के खाते में दिखे 740 करोड़ रुपये, बैलेंस देखकर बिगड़ी तबीयत
0
July 11, 2026
बिहार के नवादा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के वार्ड संख्या-28 स्थित नीम टोला निवासी रेखा देवी के बैंक खाते में विधवा पेंशन निकालने के बाद अचानक 740 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा। इस अप्रत्याशित राशि को देखकर महिला की तबीयत बिगड़ गई, जबकि बैंक कर्मचारी भी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, रेखा देवी अपने खाते से 1,100 रुपये की विधवा पेंशन निकालने बैंक पहुंची थीं। राशि निकालने के बाद उन्होंने खाते का शेष बैलेंस जानना चाहा। जब बैंक कर्मचारी ने बैलेंस चेक किया तो स्क्रीन पर 740 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई दी। कर्मचारियों ने कई बार जांच की, लेकिन हर बार वही बैलेंस प्रदर्शित होता रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही बैंक परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। कोई इसे बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी बता रहा था तो कोई इसे चमत्कार मानकर चर्चा करने लगा। वहीं, इतनी बड़ी रकम देखकर रेखा देवी घबरा गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें घर पहुंचाया, जहां अब उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
बैंक प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे तकनीकी त्रुटि माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारण गलत बैलेंस दिखाई दिया और जांच पूरी होने के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया है कि ग्राहक को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
