भागलपुर में शादी के 8 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति से फोन पर विवाद के बाद फंदे से लटकी मिली

भागलपुर: भागलपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के काजीचक गांव में शादी के महज आठ महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने हैं, जबकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका की पहचान प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब आठ महीने पहले बरियारपुर निवासी रामू कुमार से हुई थी। शुरुआती दिनों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। पति रोजगार के सिलसिले में हैदराबाद में रह रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 11:30 बजे पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर बातचीत के दौरान तीखी कहासुनी हुई। परिजनों के अनुसार, इसके बाद फोन चालू रहा, लेकिन प्रिया की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर पति ने घरवालों को कमरे में जाकर देखने को कहा। जब दरवाजा खोला गया तो प्रिया ओढ़नी के सहारे फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई का दावा है कि मोबाइल फोन में पति-पत्नी के बीच हुई बातचीत की कई वॉयस रिकॉर्डिंग मौजूद हैं, जिनसे मामले के महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस ने मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), वॉयस रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। बरियारपुर थानाध्यक्ष अमरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और किसी की भूमिका के बारे में स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.