सीतामढ़ी: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। सीतामढ़ी के पूर्व सांसद और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अर्जुन राय ने राजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए पार्टी की सदस्यता छोड़ने का ऐलान किया।
अर्जुन राय के इस फैसले को बिहार की राजनीति, विशेषकर सीतामढ़ी जिले में राजद के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक पार्टी और जनता की सेवा की, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है।
हालांकि उन्होंने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर तत्काल कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की, लेकिन उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में वे अपने भविष्य की राजनीतिक रणनीति का खुलासा कर सकते हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले अर्जुन राय का इस्तीफा राजद के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है, खासकर सीतामढ़ी और आसपास के क्षेत्रों में, जहां उनका अच्छा जनाधार माना जाता है।
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
मिथिला हिन्दी न्यूज